पीलीभीत: प्रदर्शन हुए नारे लगे घेराव क़र किसान सड़कों पर भी उतरे पर नहीं मिल सका गन्ने का बकाया भुगतान। अब फिर एक बार बकाया भुगतान को लेकर गन्ना किसान सड़क पर उतर आए है और सड़क पर ही बैठकर अपना हक मांग रहे है। कांग्रेस नेता कुमुद गंगवार के आह्वान पर सैकड़ो किसानों ने सड़क पर उतर क़र प्रदर्शन किया है, किसान कलक्ट्रेट में पहुंचक़र धरने पर बैठने का प्लान क़र रहे थे, इस दौरान किसानों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
कलक्ट्रेट जाने को लेकर सैकड़ों किसान शहर के निरंजन कुंज कॉलोनी में इकट्ठा हुए, प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर पुलिस और प्रशासन पहले ही पूरी तरह सतर्क रहा। किसानों के जुटने की सूचना पर शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस बल तैनात कर सघन चेकिंग शुरू कर दी गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए रहे।
प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि पुराने गन्ना बकाये के भुगतान का आश्वासन कई बार दिया गया, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ है। इसी को लेकर किसान आक्रोशित हैं और डीएम से मिलकर अपनी समस्या रखने की मांग कर रहे हैं। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट प्यारे लाल और एएसपी हिमांशु गौरव समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। चीनी मिल के अधिकारी भी किसानों से बातचीत करने पहुंचे और भुगतान को लेकर समझाने का प्रयास किया।
हालांकि किसान अपनी मांग पर अड़े रहे। किसानों ने कहा कि पुराने बकाये के भुगतान का आश्वासन पहले भी दिया गया था, लेकिन उसका पालन नहीं हुआ। प्रशासन की ओर से निषेधाज्ञा लागू होने का हवाला देते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। इसके बावजूद किसान डीएम से मिलने की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल प्रशासन प्रदर्शन को लेकर अलर्ट है, इसको लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रमुख चौराहों और प्रवेश मार्गों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती के साथ आने-जाने वाले वाहनों पर भी नजर रखी जा रही है।





