सुल्तानपुर: सुल्तानपुर में कूरेभार पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रकों का तिरपाल और रस्से काटकर माल चोरी करने वाले गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को सेउर गांव के दक्षिण जाने वाले अंडरपास के नीचे से पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 1.07 लाख रुपये नकद, दो चार पहिया वाहन, दो अवैध तमंचे, चार कारतूस और चोरी का सामान बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में गोरखपुर निवासी अमरजीत निषाद, सूर्यभान सिंह, अतुल निषाद, हिमांशु साहनी, विजय निषाद, शिवनाथ मद्धेशिया और गोवर्धन मद्धेशिया शामिल हैं। इनके पास से घटना में इस्तेमाल काली स्कॉर्पियो और सफेद अर्टिगा कार बरामद हुई है। इसके अलावा एक चाकू, टॉर्च, 115 लीटर सरसों का तेल, चार इन्वर्टर, ई-रिक्शा की चार बैटरियां, दूध पाउडर के 72 पैकेट, सजावटी झालर के 10 कार्टून, 228 शीशी अंग्रेजी शराब, 315 पाउच देशी शराब और गेहूं के बीज की 18 बोरियां मिली हैं।

नींद में सोते चालकों को बनाते थे निशाना

पुलिस के मुताबिक, तीन अगस्त की रात ट्रक चालक धर्मपाल सिंह ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 123.2 के पास ट्रक खड़ा किया था। चालक के सो जाने पर चोर तिरपाल और रस्से काटकर सरसों के तेल के 2,355 कार्टून चोरी कर ले गए थे। मामले में कूरेभार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

जांच में धनपतगंज और गोसाईगंज थाना क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाओं में आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य दोनों कारों से हाईवे पर घूमते थे और खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में कूरेभार पुलिस और स्वाट टीम शामिल रही।