सिद्धार्थनगर: जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय के समीप मैदान में बुधवार को 'मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना' के तहत भव्य समारोह का आयोजन हुआ। सर्वधर्म समभाव की मिसाल पेश करते हुए इस विशाल आयोजन में 412 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। समारोह में मुख्य अतिथि डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल, बांसी विधायक जय प्रताप सिंह, कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, पूर्व शिक्षा मंत्री/पूर्व विधायक इटवा डॉ. सतीश द्विवेदी, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
जिला प्रशासन द्वारा अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 303 हिंदू जोड़ों का विवाह कराया, मौलानाओं ने 45 मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ाया तथा बौद्ध धर्म गुरुओं ने 64 बौद्ध जोड़ों को उनके रीति-रिवाजों से परिणय सूत्र में बांधा।
नवदंपतियों को मिला आर्थिक सहयोग व उपहार
समारोह में पहुंचे सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप गरीब परिवारों की बेटियों की धूमधाम से शादी की चिंता को दूर किया गया है। उन्होंने कहा कि नवदंपतियों को जिला प्रशासन के माध्यम से रोजगार व प्लेसमेंट दिलाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक वधू के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से ₹64,000 की सहायता राशि भेजी गई है। इसके अलावा ₹21,000 मूल्य के उपहार सामग्री (जिसमें सीलिंग फैन, कुकर, डिनर सेट, ट्रॉली बैग, गद्दे-कंबल, कपड़े, वैनिटी किट और सूखे मेवे शामिल हैं) वितरित किए गए, जबकि ₹15,000 प्रति जोड़ा भोजन व आयोजन व्यवस्था पर व्यय किए गए।
विधायक जय प्रताप सिंह, विधायक श्यामधनी राही, डॉ. सतीश द्विवेदी और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने भी वर-वधू को नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर एडीएम (वित्त/राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, एएसपी प्रशांत कुमार, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह समेत जनपद के अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।





