बरेली: हाफिजगंज थाना क्षेत्र की अहलादपुर पुलिस चौकी के अंतर्गत पहाड़गंज गांव के पास नकटिया नदी पर बने जर्जर पुल को पार करते समय बाइक अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय रवि मिश्रा की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य युवक तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए।
बताया गया कि रवि मिश्रा अपने ममेरे भाई पंकज और चचेरे भाई संतोष के साथ बाइक से पहाड़गंज जा रहा था। नकटिया नदी पर बने जर्जर पुल को पार करते समय अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और तीनों नदी में जा गिरे। हादसे के बाद पंकज और संतोष किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन रवि गहरे पानी में बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही अहलादपुर चौकी प्रभारी विकास यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रवि की तलाश शुरू कराई। बाद में बरेली से गोताखोरों की टीम बुलाई गई। गोताखोरों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद रवि का शव नदी से बरामद कर लिया।
रवि की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक, रवि परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसके पिता का निधन करीब एक साल पहले हुआ था। रवि अपने पीछे पत्नी लता मिश्रा और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। जर्जर पुल की हालत को लेकर ग्रामीणों में भी रोष है।





