बहराइच: जरवल रोड थाना क्षेत्र के अहाता इलाके में महिला की संदिग्ध मौत के बाद शवयात्रा के दौरान जमकर बवाल हो गया। बहन की मौत की वजह को लेकर सवाल उठाना उसके भाई को भारी पड़ गया। आरोप है कि जीजा और उसके साथियों ने साले की लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, शव ले जा रहे वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जीजा समेत सात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला जरवल रोड के अहाता इलाके का है। यहां सुनीता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। महिला की मौत को लेकर ससुराल और मायके पक्ष के बीच अलग-अलग दावे सामने आए। ससुराल पक्ष ने मौत का कारण करंट लगना बताया, जबकि मायके वालों ने महिला के मुंह से झाग निकलने का हवाला देते हुए जहर देकर हत्या किए जाने की आशंका जताई।

महिला के शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मृतका के भाई अशोक गौतम ने अपने जीजा राजेश गौतम से बहन की मौत की वजह को लेकर सवाल कर दिया। आरोप है कि सवाल पूछे जाने से नाराज राजेश और उसके साथियों ने अशोक के साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते शवयात्रा के दौरान विवाद बढ़ गया और अशोक की जमकर पिटाई कर दी गई।

आरोप यह भी है कि हमलावरों ने शव ले जा रहे वाहन में तोड़फोड़ की। घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सात आरोपियों पर मुकदमा

थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी जीजा राजेश गौतम समेत सात लोगों के खिलाफ बलवा, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।