​सिंगरौली: सिंगरौली जिले के बैढ़न शहर के बीच स्थित हरिहर तालाब में एक 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान रिंकू खान उर्फ सद्दाम (पिता अफजल खान) के रूप में हुई है। परिजनों ने सोमवार को ही कोतवाली बैढ़न में युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। देर रात परिजनों ने ही शव को तालाब से बाहर निकाला।

​घटनास्थल पर मृतक के मुंह, हाथ और सिर पर खून और चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। इस संदिग्ध मौत के बाद से इलाके में भारी आक्रोश और शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही तालाब के किनारे हजारों की संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हो गए।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असल कारणों और शरीर पर मिले निशानों का राज पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन जांच के बाद ही सामने आ पाएगा।

​इस दर्दनाक घटना ने शहर के बीचों-बीच स्थित हरिहर तालाब की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जामा मस्जिद के सदर शहनवाज खान ने इस पर चिंता जताते हुए कहा कि छठ पर्व और अन्य प्रमुख धार्मिक आयोजनों के दौरान यहां भारी भीड़ जुटती है, इसके बावजूद सुरक्षा और रोशनी के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। उन्होंने मांग की है कि हाल ही में तालाब के सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्य पर खर्च हुए करोड़ों रुपयों के कार्यों की भी नगर निगम निष्पक्ष जांच करे तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा उपाय किए जाएं।