जौनपुर: आजमगढ़ हाईवे पर आजमगढ़ सीमा के चंदवक थाना क्षेत्र में सड़क की बदहाल स्थिति हादसे का कारण बन गई। कनौरा गांव के पास सोमवार देर रात एक ही स्थान पर करीब आधे घंटे के अंतराल में बस और कार दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरीं। दोनों घटनाओं का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया गया कि रात करीब 12 बजे हाईवे से गुजर रही एक बस सड़क पर बने गहरे गड्ढे की चपेट में आकर अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने के बाद बस पलटते हुए सड़क किनारे खाई में जा गिरी। अभी लोग घटना से संभल भी नहीं पाए थे कि करीब आधे घंटे बाद उसी स्थान पर एक कार भी गड्ढे की वजह से अनियंत्रित होकर पलट गई और खाई में जा गिरी।

सीसीटीवी फुटेज में दोनों वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। एक ही स्थान पर लगातार दो हादसों से सड़क की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गड्ढे को तत्काल भरवाने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में बड़े हादसे को रोका जा सके।