बांदा: इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर बांदा में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले के 19,743 स्नातक मतदाता 23 अक्टूबर को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमित आसेरी ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 29 सितंबर से नामांकन शुरू होगा और 6 अक्टूबर अंतिम तारीख होगी।7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच तथा 9 अक्टूबर को नाम वापसी होगी।मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा।27 अक्टूबर को झांसी में मतगणना कराई जाएगी।
बांदा में कुल 19,743 मतदाताओं में 14,223 पुरुष और 5,520 महिलाएं हैं।जिले में 14 मतदान केंद्र निर्धारित हैं।1,400 से अधिक मतदाताओं वाले चार मतदेय स्थलों पर सहायक स्थल बनाने का प्रस्ताव है।इससे मतदेय स्थलों की संख्या 18 से बढ़कर 22 हो जाएगी।
17 नोडल अधिकारी संभालेंगे जिम्मेदारी
चुनाव की व्यवस्थाओं के लिए 17 कार्यों में नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। इनमें परिवहन, प्रशिक्षण, चिकित्सा, मतपत्र, मीडिया, शिकायत निस्तारण, कंट्रोल रूम, वीडियोग्राफी और स्ट्रांग रूम समेत अन्य जिम्मेदारियां शामिल हैं। 22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। मतदान के बाद मतपेटियां पुलिस सुरक्षा में झांसी भेजी जाएंगी। निर्वाचन क्षेत्र के 10 जिलों में प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी और ललितपुर शामिल हैं। कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर शेष जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी।





