मथुरा: जमुनापार थाना क्षेत्र में लक्ष्मीनगर-राया रोड स्थित ईंट मंडी में लगे मेले में झूले पर झूलने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने लगे। इससे मेले में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 20 सितंबर की रात करीब पौने दस बजे हुई। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहे थे। पुलिस ने लोक शांति भंग करने और पथराव समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस ने 21 सितंबर की तड़के करीब 3:30 बजे शिवनगर कॉलोनी से विजय, अजय, गौतम प्रकाश, जितेंद्र उर्फ सीटू, ओमप्रकाश, पवन, रोहित, विवेक, अरविंद कुमार, मोहन, ओमकार, अखिल और सुमित को गिरफ्तार किया। सभी शिवनगर कॉलोनी, लक्ष्मीनगर के रहने वाले हैं। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और 7 सीएलए एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विदेश कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह, महिला उपनिरीक्षक मिथलेश उपाध्याय, उपनिरीक्षक अनिल कुमार तेवतिया, राजकुमार शर्मा और श्याम सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।