बिजनौर: कोतवाली शहर पुलिस ने लूट की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई प्लेटिना बाइक, 1510 रुपये की नकदी और एक आईकार्ड बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गंगा के बंधे पर दो लोगों को रोककर मारपीट की और बाइक, मोबाइल व नकदी लूट ली थी।

दरअसल, जनपद बिजनौर के थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के गंगा बैराज से रावली जाने वाले गंगा बंधे पर दो लोगों के साथ 28 अगस्त को लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। शिकायतकर्ता धर्मेन्द्र के मुताबिक, आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर उसकी प्लेटिना बाइक, मोबाइल और 2200 रुपये नकद लूट ली थी।

आरोप है कि मोबाइल से फोन-पे के जरिए 9700 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर किए गए और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आरोपियों ने दीपक नाम के एक अन्य व्यक्ति से भी मारपीट कर उसकी अपाचे बाइक और 2800 रुपये नकद छीन लिए थे। हालांकि अपाचे बाइक को आरोपी मौके के पास ही छोड़कर फरार हो गए थे।

घटना की जांच के दौरान कोतवाली शहर पुलिस ने तीन आरोपियों फिरोज अली, अमजद खान और हरियाणा निवासी मुबारिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से प्लेटिना बाइक व 1510 रुपये नकद और धर्मेन्द्र का आईकार्ड बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वारदात में उनके अन्य साथी महताब, सावन और फरियाद भी शामिल थे। पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।