मैहर : प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माँ शारदा देवी धाम मैहर में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता और लूट-खसोट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में मंदिर परिसर स्थित एक प्रसाद दुकान में दर्शनार्थियों के साथ बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित श्रद्धालु ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) पर वायरल कर दिया है, जिससे पुलिस प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ऑटो ड्राइवरों से सांठ-गांठ और मनमाना रेट वसूलने का खेलमां शारदा देवी मंदिर परिसर स्थित "प्रयागराज (नैनी वाले) प्रसाद भंडार" (पुलिस चौकी के सामने) और आसपास के कई दुकानदारों पर यह आरोप लंबे समय से लग रहे हैं कि वे कमीशन का खेल चला रहे हैं।
दुकानदार अपने खुद के ऑटो या फिर बाहरी ऑटो चालकों को मोटा कमीशन देकर बाहर से आने वाले भोले-भाले श्रद्धालुओं को जबरन अपनी ही दुकानों पर लाते हैं। इसके बाद श्रद्धालुओं को भारी-भरकम और मनमाने दामों पर प्रसाद का सामान बेचा जाता है।
विरोध करने पर हाथापाई और धक्का-मुक्की
ताजा घटना में जब एक बाहरी श्रद्धालु ने इस लूट और जबरदस्ती का विरोध किया, तो दुकानदारों और उनके कारिंदों ने उसके साथ तीखी बहस और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। जब श्रद्धालु ने इस पूरी धांधली और अभद्रता का अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, तो आरोपी दुकानदारों ने उसके साथ हाथापाई करते हुए उसका फोन बंद कराने का प्रयास किया।
पीड़ित ने कहा- "पहली बार हुआ ऐसा घटिया अनुभव"
वायरल वीडियो में पीड़ित श्रद्धालु यह कहते नजर आ रहे हैं कि "हम मैहर मां शारदा के दर्शन करने आए थे, लेकिन यहां हमारे साथ जबरदस्ती और बदसलूकी की गई। पहली बार मेरे साथ किसी धार्मिक स्थल पर ऐसा दुर्व्यवहार हुआ है। बाहरी श्रद्धालुओं को इस तरह डराना-धमकाना बेहद शर्मनाक है।"
पुलिस चौकी के ठीक सामने दबंगई, प्रशासन मौन
हैरानी की बात यह है कि यह पूरी घटना पुलिस चौकी के ठीक सामने घटित हुई।





