सिंगरौली: सोशल मीडिया पर 16 लाख फॉलोअर्स के दिलों पर राज करने वाली और ‘मिस प्रिटी इंडिया’ का खिताब जीतने वाली मशहूर इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की खौफनाक मौत का राज खुलने लगा है। निधि का एक निजी होटल में काम करने के दौरान शुरू हुई लव स्टोरी का अंत इतना दर्दनाक होगा, यह किसी ने नहीं सोचा था। मोरवा भूसा मोड़ स्थित घर में पंखे से लटककर जान देने वाली निधि की मौत ने अब दिमागी सनक की परतें खोल दी हैं।
सूत्रों और परिजनों के अनुसार, निधि जब एक निजी होटल में काम करती थी, तब उसकी मुलाकात पंजाब के भटिंडा निवासी सोनू सिंह से हुई। सोनू, एनसीएल की सीटीपीएन कंपनी में इंजीनियर है। प्यार का जाल बुनकर सोनू ने निधि ही नहीं, बल्कि उसके परिवार का भी भरोसा जीता। वह घर आता-जाता था और परिजनों से घुलमिल गया था। लेकिन प्यार का यह नाटक जल्द ही खौफनाक जाल में बदल गया। उसने खुद को अविवाहित बताया लेकिन प्यार करने के बाद निधि को मालूम चला कि इसकी शादी ही नहीं बल्कि इसके बच्चे भी हैं।
परिजनों का आरोप है कि प्यार का झांसा देने के बाद सोनू निधि पर 24 घंटे नजर रखने लगा। निधि की हर सांस, हर मुलाकात पर उसका कड़ा पहरा था। सनक इस हद तक बढ़ चुकी थी कि निधि को अपने कान से ब्लूटूथ तक हटाने की इजाजत नहीं थी। वह हर समय उसकी लोकेशन और बातचीत को कंट्रोल करता था। शायद यही बात निधि को अंदर से तोड़ दिया था।
घटना की रात सोनू दिल्ली में था। फोन कॉल पर ही दोनों के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि निधि ने फंदे से लटककर जान दे दी। हैरतअंगेज बात यह है कि सोनू ने खुद निधि की मां को फोन कर उसके फांसी लगाने की बात कही। जब तक मां कमरे में पहुंचीं, निधि की सांसें थम चुकी थीं।





