मोतिहारी: भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीमा चौकी रेगनिया के गश्ती दल ने भारत से नेपाल ले जाई जा रही 2,070 किलोग्राम यूरिया खाद बरामद की है। कार्रवाई में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

एसएसबी के अनुसार, कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार के निर्देशन में जवान सीमा क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों को मोटरसाइकिल और सिर पर यूरिया खाद की बोरियां लेकर भारत से नेपाल की ओर जाते देखा गया। जवानों को देखते ही संदिग्ध लोग खाद की बोरियां छोड़कर नेपाल की ओर भागने लगे। पीछा करने के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार युवक की पहचान त्रिभुवन (24 वर्ष), पुत्र अमर सिंह, निवासी रेगनिया, पोस्ट बिजबनी, थाना जितना के रूप में हुई है। मौके की तलाशी के दौरान अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई 45 किलोग्राम की 46 बोरी यूरिया, कुल 2,070 किलोग्राम, बरामद की गई। इसके अलावा एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल और तीन साइकिल भी जब्त की गईं।

एसएसबी ने युवक से खाद से संबंधित वैध दस्तावेज और बिल मांगे, लेकिन वह कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में खाद को नेपाल में बेचने के लिए ले जाने की बात सामने आई है।