औरंगाबाद: कर्ज के दबाव में एक किराना दुकानदार द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के यारी गांव की है। मृतक की पहचान उस गांव निवासी 48 वर्षीय रंगू प्रसाद गुप्ता के रूप में हुई है। घटना की जानकारी स्वजनों एवं ग्रामीणों से मिली है। मृतक के चाचा सुरेंद्र साव ने बताया कि रंगू प्रसाद गुप्ता किराना दुकान चलाते थे। उनकी बेटी की शादी के लिए उन्होंने समूह से ऋण लिया था।

इसके अलावा पड़ोसियों और रिश्तेदारों से भी रुपये उधार लिए थे। बताया गया कि उन पर करीब 10 लाख रुपये का कर्ज था। ऋण चुकाने के लिए लगातार पैसे की मांग की जा रही थी। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह कर्ज चुका नहीं पा रहे थे। परिजनों के अनुसार, लगातार बढ़ते कर्ज और पैसे की मांग से वह काफी दबाव में थे।

इसी मानसिक दबाव में उन्होंने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। मृतक के पुत्र बिट्टू उर्फ राजकुमार ऑटो चलाते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस पदाधिकारी के अनुसार, शव का फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।